नोएडा में घरेलू सहायिकाएं भी सड़कों पर उतरीं, वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य-परिस्थितियों की मांग
नोएडा में घरेलू सहायिकाएं भी सड़कों पर उतरीं, वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य-परिस्थितियों की मांग
नोएडा (उत्तर प्रदेश), 14 अप्रैल (भाषा) नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के बीच मंगलवार को घरेलू सहायिकाओं ने भी अधिक वेतन और बेहतर कार्य-परिस्थितियों की मांग करते हुए सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि उन्हें मासिक वेतन के रूप में केवल 2,500 से 3,000 रुपये तक मिलते हैं और पूरे महीने में मात्र दो दिन की छुट्टी दी जाती है।
प्रदर्शन में शामिल एक महिला शिवकुमारी ने कहा, “महंगाई के इस दौर में ढाई-तीन हजार रुपये में पूरे महीने घर चलाना बेहद मुश्किल है। गैस, राशन और बच्चों की पढ़ाई का खर्च लगातार बढ़ रहा है।”
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शैव्या गोयल ने बताया कि ‘क्लियो काउंटी’, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 और सेक्टर-70 क्षेत्रों में घरेलू सहायिकाओं द्वारा वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही।
भाषा सं खारी नरेश
नरेश

Facebook


