डीआरआई ने 8.3 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया, तीन आरोपी गिरफ्तार
डीआरआई ने 8.3 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया, तीन आरोपी गिरफ्तार
बेंगलुरु, 22 मार्च (भाषा) डीआरआई अधिकारियों ने 8.3 करोड़ रुपये मूल्य का लगभग 8.3 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अनुसार, उसकी बेंगलुरु जोनल यूनिट के अधिकारियों ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर नयी दिल्ली से बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर मिजोरम मूल के 26 वर्षीय पुरुष यात्री को रोका।
डीआरआई ने एक बयान में कहा कि उसके सामान की जांच करने पर लगभग 8.3 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिस पर मेथामफेटामीन हाइड्रोक्लोराइड (क्रिस्टल मेथ के नाम से जाना जाने वाला) होने का संदेह है और जिसका अवैध बाजार मूल्य 8.3 करोड़ रुपये है।
बयान में कहा गया है कि बरामद की गई मात्रा स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम 1985 के प्रावधानों के तहत वाणिज्यिक मात्रा के दायरे में आती है।
डीआरआई ने कहा कि जांच और कार्रवाई के आधार पर मामले से जुड़े दो अतिरिक्त व्यक्तियों की पहचान की गई और उन्हें बेंगलुरु में अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। दोनों व्यक्ति स्थानीय निवासी हैं, जिनकी उम्र लगभग 25 और 29 वर्ष है।
इस मामले में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा, आरोपियों में से एक के परिसर में तलाशी के दौरान लगभग 200 सिम कार्ड, लगभग 45 डेबिट/क्रेडिट कार्ड और कई मोबाइल फोन बरामद हुए जिनके बारे में संदेह है कि इनका इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के संचालन और सुविधा प्रदान करने में किया गया था।
डीआरआई ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


