मणिपुर में 27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, छह संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार

मणिपुर में 27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, छह संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार

मणिपुर में 27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, छह संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार
Modified Date: August 21, 2026 / 10:46 am IST
Published Date: August 21, 2026 10:46 am IST

इंफाल, 21 अगस्त (भाषा) मणिपुर के जिरीबाम जिले में छह संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। एक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को तुपीधार इलाके में संयुक्त अभियान चलाया।

इसमें कहा गया कि बराक नदी के रास्ते संदिग्ध तस्करों की आवाजाही की सूचना मिलने पर असम राइफल्स के जवानों ने एक नाव को रोका, जिसके बाद उसमें सवार लोगों ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की।

बयान के अनुसार, संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से 27 करोड़ रुपये मूल्य की 90,000 याबा गोलियां और 28.80 लाख रुपये की 48 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

इसके मुताबिक, गिरफ्तार लोगों की पहचान एल्बेथेल लुंगताऊ, पाना हमार, डेन्थर हमार, लालतिउंग्लियन हमार, लाल रामथार हमार और थौना हमार के रूप में हुई है।

बयान में बताया गया है कि आरोपियों और जब्त मादक पदार्थों को जांच के लिए बोरो बेकरा पुलिस को सौंप दिया गया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में