मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र के एक अस्पताल में खराब फ्रीजर में शव क्षतविक्षत होने पर डीवाईएफआई का विरोध मार्च

Ads

मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र के एक अस्पताल में खराब फ्रीजर में शव क्षतविक्षत होने पर डीवाईएफआई का विरोध मार्च

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 02:21 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 02:21 PM IST

कोच्चि, 26 सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा शाखा डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं ने परवूर के सरकारी तालुक अस्पताल में कथित तौर पर एक खराब फ्रीजर में शव रखे जाने से उसके क्षतविक्षत होने की घटना के विरोध में मार्च निकाला।

डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं ने जिस स्थान में मार्च निकाला वह मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है और प्रादर्शनकारियों का आरोप है कि परुवाथुरुथ की एक महिला का शव मुर्दाघर के खराब फ्रीजर में रखे जाने के कारण क्षतविक्षत हो गया था।

बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बैनर लेकर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार के खिलाफ नारे लगाए और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में स्थित यह अस्पताल एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद, इसके मुर्दाघर की स्थित बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।

यह प्रदर्शन महिला के परिवार की हालिया शिकायत के बाद हुआ। परिवार ने आरोप लगाया था कि महिला का शव खराब पड़े फ्रीजर में रखे जाने के बाद क्षतविक्षत अवस्था में मिला।

मार्च का नेतृत्व करने वाले डीवाईएफआई के राज्य सचिव एम विजिन ने कहा कि यह घटना गंभीर लापरवाही का मामला है और मृतक के प्रति असम्मान को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी अस्पताल में ऐसी घटना कभी नहीं होनी चाहिए। यहां यह मुख्यमंत्री के अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक तालुक अस्पताल में हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि महिला का शव क्षतविक्षत हो जाने के कारण परिजन अंतिम बार उनके दर्शन तक नहीं कर सके।

भाषा शोभना रंजन

रंजन