जन विश्वास विधेयक के पारित होने से जीवन यापन में सुगमता को बड़ा बढ़ावा मिलेगा: प्रधानमंत्री मोदी

जन विश्वास विधेयक के पारित होने से जीवन यापन में सुगमता को बड़ा बढ़ावा मिलेगा: प्रधानमंत्री मोदी

जन विश्वास विधेयक के पारित होने से जीवन यापन में सुगमता को बड़ा बढ़ावा मिलेगा: प्रधानमंत्री मोदी
Modified Date: April 3, 2026 / 12:03 am IST
Published Date: April 3, 2026 12:03 am IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को संसद में जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित होने को देश में जीवन यापन और व्यापार करने में सुगमता के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताया।

उन्होंने कहा कि संसद द्वारा विधेयक पारित किए जाने से उन्हें ‘‘अत्यंत प्रसन्नता’’ हुई है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘यह विधेयक विश्वास पर आधारित ढांचे को मजबूत करता है और हमारे नागरिकों को सशक्त बनाता है। इसमें अप्रचलित नियमों और विनियमों को खत्म किया गया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित होगा और छोटे-मोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने से मुकदमेबाजी का बोझ कम होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस विधेयक को तैयार करने में अपनाई गई परामर्श प्रक्रिया भी उल्लेखनीय रही।’’ मोदी ने विधेयक के मसौदे में अपने विचार साझा करने वाले तथा सदन में इसका समर्थन करने वालों की भी सराहना की।

छोटे-मोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और उन्हें तर्कसंगत बनाने के लिए 79 केंद्रीय कानूनों के 784 प्रावधानों में संशोधन का प्रस्ताव करने वाले जन विश्वास विधेयक को बृहस्पतिवार को संसद की मंजूरी मिल गई।

भाषा आशीष अमित

अमित


लेखक के बारे में