कोलकाता, 18 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग (ईसी) ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से पहले तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं राज्य की मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए कथित हमले के संबंध में कोलकाता पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कोलकाता पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक रिपोर्ट अपूर्ण पाई गई, जिसमें घटना के बारे में महत्वपूर्ण विवरणों का अभाव था।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछली रिपोर्ट में घटनाक्रम और प्रमुख जानकारियों का पूरा विवरण नहीं था। अब एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।’’
उन्होंने बताया कि आयोग ने उत्तरी कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में हुई घटना के समय, पुलिस की भूमिका और घटना से पहले उपलब्ध खुफिया जानकारी के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है।
राज्य में तैनात केंद्रीय बलों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस बात की जांच की जा रही है कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद वे सक्रिय रूप से शामिल क्यों नहीं हुए और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को कैसे संभाला।’’
अब तक पुलिस ने भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच हुई झड़प और पांजा के आवास पर हुए हमले के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस घटना के संबंध में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि