ईडी ने पश्चिम बंगाल कोयला ‘घोटाला’ मामले में आई-पैक के निदेशक को गिरफ्तार किया
ईडी ने पश्चिम बंगाल कोयला ‘घोटाला’ मामले में आई-पैक के निदेशक को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के निदेशक और सह-संस्थापक विनेश चंदेल को सोमवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि चंदेल को दिल्ली में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया था।
दिल्ली में चंदेल के परिसर के अलावा, बेंगलुरु में आई-पैक के एक अन्य सह-संस्थापक और निदेशक ऋषि राज सिंह के परिसर और मुंबई में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व संचार प्रभारी विजय नायर के परिसर पर दो अप्रैल को ईडी द्वारा छापा मारा गया था।
ईडी ने आठ जनवरी को इस मामले में कार्रवाई करते हुए आई-पैक के कार्यालय और इसके संस्थापक व निदेशकों में से एक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की। मामले में तब विवाद शुरू हो गया था जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गईं।
ईडी का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नवंबर 2020 की प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल और उसके आसपास के कुनुस्तोरिया और काजोरा क्षेत्रों में स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से संबंधित कई करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है।
ईडी ने एक बयान में कहा था कि इस कथित कोयला तस्करी गिरोह से जुड़े एक हवाला ऑपरेटर ने आई-पैक की पंजीकृत कंपनी इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को करोड़ों रुपये के लेनदेन में सुविधा प्रदान की थी।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


