ईडी का दावा: सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जीएमएडीए अधिकारियों से हुईं ‘अनौपचारिक’ बैठकें

Ads

ईडी का दावा: सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जीएमएडीए अधिकारियों से हुईं ‘अनौपचारिक’ बैठकें

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 01:06 AM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 01:06 AM IST

नयी दिल्ली/चंडीगढ़, 24 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जीएमएडीए) से जुड़े मामले में की गई तलाशी के दौरान पता चला कि आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने पंजाब सरकार के इस प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ ‘‘अनौपचारिक’’ बैठकें की थीं।

ईडी के अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित उस मकान की भी तलाशी ली गई, जो आप नेता और पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के अध्यक्ष सनी सिंह अहलूवालिया को आवंटित है।

अधिकारियों का दावा है कि 22 सितंबर को शुरू हुई कार्रवाई के तहत इस मकान का इस्तेमाल सत्येंद्र जैन और उनके विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) द्वारा जीएमएडीए के वरिष्ठ अधिकारियों से बैठक करने तथा नयी नीलामी, भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के निर्धारण समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए किया जा रहा था।

आप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘‘पूरी तरह झूठा, निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित’’ बताया।

आम आदमी पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जीएमएडीए की परियोजनाओं, कामकाज या आधिकारिक मामलों में कोई भूमिका नहीं है। पंजाब में उनकी भूमिका पूरी तरह राजनीतिक है और जीएमएडीए के दैनिक कामकाज या परियोजनाओं से उनका कोई लेना-देना नहीं है।’’

ईडी के अधिकारियों ने दावा किया कि तलाशी के दौरान जब्त किए गए कुछ मोबाइल फोन में मिली चैट से कथित तौर पर हवाला के जरिये कुछ नेताओं से जुड़े लोगों को भुगतान किए जाने के संकेत मिले हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव