एटा में व्यापारी से मारपीट करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

एटा में व्यापारी से मारपीट करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 12:45 AM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 12:45 AM IST

एटा (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) एटा जिले के अलीगंज कस्बे में दुकान बंद कराने को लेकर एक दुकानदार से मारपीट के मामले में जांच के बाद पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच करायी, जिसमें पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने पर यह कार्रवाई की गयी।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अलीगंज थाना क्षेत्र के लोहारी दरवाजा मोहल्ले में रात में कोबरा मोबाइल तृतीय पर तैनात पुलिसकर्मी एक दुकान बंद कराने के लिए पहुंचे थे और इसी दौरान दुकानदार से उनकी कहासुनी हो गई।

सूत्रों के मुताबिक आरोप है कि इसके बाद कुछ पुलिसकर्मी सामान्य कपड़ों में मौके पर पहुंचे और दुकानदार के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

उन्होंने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गयी और प्रारंभिक जांच में पांच पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर इलामारन जी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि ड्यूटी के दौरान दुकान बंद कराने को लेकर कहासुनी के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था।

मामले की जांच के बाद पांच पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।

भाषा सं. सलीम

वैभव

वैभव