ईडी ने कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया
ईडी ने कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया
कोलकाता, पांच मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह लुकआउट नोटिस बिस्वास द्वारा ईडी की ओर से जारी किए गए कई समन को नजरअंदाज करने के बाद जारी किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि बिस्वास द्वारा भारत छोड़ने के किसी भी संभावित प्रयास को रोकने के लिए नोटिस को हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य जगहों पर वितरित किया गया है।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उन्हें पांच बार एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस भेजा गया था, लेकिन वे एक बार भी उपस्थित नहीं हुए। उनकी ओर से लगातार असहयोग को देखते हुए, हमें संदेह है कि वह विदेश जाकर जांच से बचने की कोशिश कर सकते हैं।’’
केंद्रीय एजेंसी ने आरोप लगाया कि उसकी जांच के दौरान बिस्वास ने अपने खिलाफ जारी किए गए कई समन का पालन नहीं किया।
संयोगवश, केंद्रीय एजेंसी ने राज्य में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव के दौरान बिस्वास के आवास पर छापेमारी की थी।
ईडी के अधिकारियों ने ‘सोना पप्पू’ नाम के एक व्यक्ति से जुड़े कथित जमीन कब्जा और जबरन वसूली मामले में कोलकाता के फर्न रोड स्थित उनके (बिस्वास) आवास पर छापेमारी की थी।
सूत्रों के अनुसार, तलाशी के एक दिन बाद बिस्वास के दो बेटों, सायंतन और मनीष को एजेंसी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में तलब किया गया था, लेकिन वे भी उपस्थित नहीं हुए।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


