ईडी ने सीएमआरएल से जुड़े धन शोधन मामले में वीणा के बैंक लॉकर की जांच की
ईडी ने सीएमआरएल से जुड़े धन शोधन मामले में वीणा के बैंक लॉकर की जांच की
तिरुवनंतपुरम, 19 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. के बैंक लॉकर की जांच की। यह कार्रवाई वीणा की अब बंद हो चुकी आईटी कंपनी और खनन कंपनी सीएमआरएल से जुड़े धनशोधन मामले के संबंध में की गई।
ईडी के अधिकारियों ने सुबह वीणा की मौजूदगी में राज्य की राजधानी में एचडीएफसी बैंक की एक शाखा में उनके लॉकर की जांच की।
टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के अनुसार, बैंक के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात थे।
इस कार्रवाई से दो दिन पहले धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में वीणा से ईडी के कोच्चि कार्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी।
विजयन ने इस घटनाक्रम को ज़्यादा अहमियत नहीं देते हुए कहा कि ईडी ने उनके किराए के आवास की तलाशी ली थी, और अगर एजेंसी उनकी बेटी के बैंक लॉकर की जांच करना चाहती है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे इसे देखना चाहते हैं, तो देखने दें। आप (मीडिया) अपने कैमरे के साथ जा सकते हैं और देख सकते हैं कि लॉकर खुलने पर कोई बड़ी चीज मिलती है या नहीं।’’
वह विधानसभा में बजट पेश होने के बाद यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस मामले पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
ईडी की जांच उन आरोपों से संबंधित है, जिनमें कहा गया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने एक्सलॉजिक को कथित रूप से बिना किसी सेवा के बदले 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
भाषा आशीष संतोष
संतोष

Facebook


