ईडी का तलाशी अभियान देश में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले का हिस्सा है : विजयन
ईडी का तलाशी अभियान देश में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले का हिस्सा है : विजयन
(तस्वीर के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को आरोप लगाया कि उनके परिसर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का तलाशी अभियान देश भर में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले का हिस्सा है।
कथित सीएमआरएल मासिक भुगतान मामले के संबंध में ईडी अधिकारियों ने बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर पर घंटों तलाशी अभियान चलाया।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए विजयन ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से न तो वह और न ही माकपा कमजोर होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह तो बस शुरुआत है। किसी को भी इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि ऐसी कार्रवाई से हमें डराया या कमजोर किया जा सकता है।’’
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सत्ता में आने के बाद से ही विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है, और दावा किया कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई भी उसी रणनीति का हिस्सा है।
विजयन ने दावा किया कि यह तलाशी राहुल गांधी जैसे नेताओं को ‘‘मानसिक संतुष्टि’’ प्रदान कर सकती है। विजयन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने बार-बार सवाल उठाया था कि उनके आवास की तलाशी क्यों नहीं ली गई और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
विजयन ने दावा किया कि देश भर में विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों की ओर से इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कांग्रेस अन्य दलों के नेताओं के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर ‘‘चुप्पी’’ साधे हुए है।
ईडी ने कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित धनशोधन मामले में विजयन की बेटी के खिलाफ जांच के तहत विजयन और अन्य लोगों के आवास पर छापे मारे।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 81 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री का किराए का मकान, कन्नूर में एक स्थान और निजी संस्था सीएमआरएल के ‘‘प्रमुख व्यक्तियों’’ के आवास शामिल हैं। यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


