जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और कृषि विश्वविद्यालय किसानों के भविष्य को दिशा देने का काम कर रहे हैं।
बागडे ने श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर की अधीनस्थ इकाई कृषि महाविद्यालय, भुसावर (भरतपुर) में नवनिर्मित प्रशासनिक एवं अकादमिक भवन, छात्रावास, कन्या छात्रावास और कैंटीन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय किसानों के भविष्य को नयी दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक भवन तभी सार्थक होंगे, जब यहां से निकलने वाले विद्यार्थी ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से समाज तथा कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अनुशासन, सहनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नौकरी तलाशने वाले बनने के बजाय रोजगार सृजन करने वाले बनें।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने कृषि शिक्षा से प्राप्त वैज्ञानिक जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ना मौजूदा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की अपील की। मीणा ने कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत