आंध्र प्रदेश में सड़क दुर्घटना में आठ श्रद्धालुओं की मौत, प्रधानमंत्री ने शोक जताया
आंध्र प्रदेश में सड़क दुर्घटना में आठ श्रद्धालुओं की मौत, प्रधानमंत्री ने शोक जताया
(तस्वीरों के साथ)
चिलकलदोना (आंध्र प्रदेश), 16 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश में कुरनूल जिले के मंत्रालयम में बृहस्पतिवार को एक वाहन की टैंकर से टक्कर हो जाने पर पांच महिलाओं समेत कम से कम आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे को बेहद पीड़ादायक बताया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु श्री राघवेंद्र स्वामी मठ में दर्शन करने के लिए वाहन से मंत्रालयम जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि वाहन में करीब 20 यात्री थे और वह (वाहन) टैंकर से टकरा गया।
येम्मिगनूर की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एन भार्गवी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘आठ श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।’’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों का हालचाल जाना।
भार्गवी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-167 पर तड़के करीब तीन बजे चालक कथित तौर पर झपकी आने के कारण गलत दिशा में गाड़ी ले जाने लगा और उसकी (गाड़ी की) टैंकर से टकरा गई।
अधिकारी के मुताबिक मृतकों में एक नाबालिग लड़की और दो पुरुष भी शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार घायलों को पहले पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा के लिए कुरनूल सरकारी जनरल अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
इस बीच, मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों को घायलों के लिए उत्कृष्ट उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


