मध्य दिल्ली में बीएमडब्ल्यू कार ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत
मध्य दिल्ली में बीएमडब्ल्यू कार ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) मध्य दिल्ली के तिलक मार्ग पर एक लग्जरी कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा 12 सितंबर को सुबह पांच बजे तब हुआ जब नीरज कुमार, अपने पिता सच्चिदानंद, पत्नी कुमारी सलमा, दो बेटों यशराज और हंसराज के साथ ऑटो रिक्शा में सवार होकर नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से अपने घर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब ऑटोरिक्शा सिकंदरा और मथुरा रोड चौराहे की ट्रैफिक लाइट के पास पहुंचा, तभी एक बीएमडब्ल्यू कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया।
मामले में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक बीएमडब्ल्यू कार चालक ने लाल बत्ती का उल्लंघन किया और ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में ऑटोरिक्शा सवार सभी पांच यात्री घायल हो गए जबकि चालक बच गया और उसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में सच्चिदानंद और उनका पोता यशराज (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी)अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सच्चिदानंद की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत बीएमडब्ल्यू कार और उसके चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125(ए) (दूसरे की जिंदगी या सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत तिलक मार्ग पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा धीरज शफीक
शफीक

Facebook


