कोलकाता, 27 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार रात पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत दूसरी पूरक सूची प्रकाशित की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने दूसरी सूची में हटाए गए या शामिल किए गए नामों की कुल संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दूसरी सूची प्रकाशित हो चुकी है। हम इससे अधिक जानकारी नहीं दे सकते।’’
उन्होंने बताया कि बूथवार सूचियां रात करीब 11:30 बजे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गईं, लेकिन कुछ ‘तकनीकी खराबी’ के कारण हटाए गए या शामिल किए गए नामों से संबंधित डेटा वाले वेब पेज तक पहुंचा नहीं जा सका।
आयोग ने सोमवार को ‘विचाराधीन’ मतदाताओं की पहली पूरक सूची जारी की थी, लेकिन हटाए गए नामों की संख्या या उस सूची में निपटाए गए मामलों की सटीक संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी जिसकी विभिन्न पक्षों ने आलोचना की थी।
भाषा संतोष गोला
गोला