मियामी गार्डन्स (अमेरिका), 28 मार्च (एपी) दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी यानिक सिनर ने एक साल पहले मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था क्योंकि प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था।
अब इटली का यह 24 वर्षीय खिलाड़ी तीन साल में अपना दूसरा मियामी ओपन खिताब जीतने और 2017 में रोजर फेडरर के बाद ‘‘सनशाइन डबल’’ जीतने वाला पहला पुरुष खिलाड़ी बनने के करीब है।
सिनर ने शुक्रवार रात हार्ड रॉक स्टेडियम में विश्व में चौथे नंबर के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज़्वेरेव पर 6-3, 7-6 (7-4) से जीत हासिल करके मियामी ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।
सिनर ने कहा, ‘‘यहां आकर अच्छा टेनिस खेलना मेरा मुख्य लक्ष्य था। मेरे लिए दोबारा फाइनल में पहुंचना बहुत मायने रखता है। यह शानदार सफर रहा है और मैं बहुत खुश हूं।’’
सिनर ने ज़्वेरेव को लगातार सात बार हराया है और एटीपी मास्टर्स 1000 में लगातार 32 सेट जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। हार्डकोर्ट पर शानदार प्रदर्शन करने वाले सिनर ने 15 मार्च को इंडियन वेल्स में दानिल मेदवेदेव को हराकर सनशाइन डबल का पहला चरण जीता था।
रविवार को होने वाले फाइनल में उनका मुकाबला 21वीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका से होगा और वह इस मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगे। सिनर ने 2024 से मियामी में लगातार 11 मैच जीते हैं।
सिनर का लेहेका के खिलाफ करियर रिकॉर्ड 3-0 का है, उन्होंने आखिरी बार 2025 में फ्रेंच ओपन में उन्हें हराया था।
लेहेका ने सेमीफाइनल में 28वीं वरीयता प्राप्त आर्थर फिल्स को 6-2, 6-2 से हराकर अपने करियर में पहली बार एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। लेहेका के चेक गणराज्य के साथी जैकब मेनसिक ने पिछले साल मियामी ओपन जीता था।
एपी
पंत
पंत