निर्वाचन आयोग ने विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी जानकारी नहीं रखने वाले पर्यवेक्षक को वापस बुलाया
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी जानकारी नहीं रखने वाले पर्यवेक्षक को वापस बुलाया
नयी दिल्ली/कोलकाता, आठ अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के एक निर्वाचन क्षेत्र से अपने सामान्य पर्यवेक्षक को वापस बुला लिया, क्योंकि उन्हें उस विधानसभा क्षेत्र के बारे में बुनियादी जानकारी नहीं थी जहां तैनात किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पर्यवेक्षकों के साथ हुई बैठक के दौरान कूच बिहार दक्षिण सीट के सामान्य पर्यवेक्षक अनुराग यादव अपने निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या नहीं बता सके, जिसके कारण निर्वाचन आयोग ने उन्हें तुरंत हटाने का आदेश दिया।
आयोग के आदेश पर उन्हें तुरंत वापस बुला लिया गया।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
यहां एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने यादव से उनके निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या के बारे में पूछा, तो वह घबराए हुए दिखे और जवाब देने से पहले उन्होंने कई मिनट का समय लिया और इसके बाद बताया कि कूच बिहार दक्षिण में 125 मतदान केंद्र हैं।’’
निर्वाचन आयोग मतदान वाले राज्यों में सामान्य, व्यय और पुलिस पर्यवेक्षकों को तैनात करता है ताकि ये पर्यवेक्षक आयोग की आंख और कान बनकर काम कर सकें।
वह जमीनी स्तर से विभिन्न पहलुओं की जानकारी चुनाव प्राधिकरण को देते हैं ताकि वह सुधारात्मक कदम उठा सके।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश

Facebook


