जम्मू, 17 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के वन क्षेत्र में जारी आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद बुधवार रात करीब नौ बजे मजालता के सुदूर ब्रातेल सोआन और खुब्बन इलाकों में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि अभियान शुरू होने के कुछ ही देर बाद जंगल में गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाकर गोलीबारी और विस्फोट किए।
अधिकारियों के अनुसार, रातभर इलाके में काफी हद तक शांति बनी रही, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़कर निकलने के प्रयास में भीषण गोलीबारी शुरू कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और अंतिम सूचना मिलने तक मुठभेड़ जारी थी।
उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।
भाषा खारी शोभना
शोभना