वर्ष 2014 से उच्च शिक्षा में नामांकन एक करोड़ से अधिक बढ़ा: एआईएसएचई रिपोर्ट

वर्ष 2014 से उच्च शिक्षा में नामांकन एक करोड़ से अधिक बढ़ा: एआईएसएचई रिपोर्ट

वर्ष 2014 से उच्च शिक्षा में नामांकन एक करोड़ से अधिक बढ़ा: एआईएसएचई रिपोर्ट
Modified Date: July 8, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: July 8, 2026 8:38 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2014 से उच्च शिक्षा में दाखिले की संख्या में 1.08 करोड़ से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें महिलाओं के दाखिले में 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) की 2022-23 और 2023-24 की रिपोर्ट जारी की।

इस सर्वेक्षण के तहत देशभर के उच्च शिक्षा संस्थानों से वेब-आधारित डेटा कैप्चर फॉर्मेट (डीसीएफ) के माध्यम से विस्तृत जानकारी एकत्र की जाती है। संस्थान एआईएसएचई पोर्टल पर छात्र नामांकन, संकाय और कर्मचारियों, बुनियादी ढांचे, परीक्षा परिणाम समेत अन्य संबंधित आंकड़े अपलोड करते हैं।

एआईएसएचई भारत में उच्च शिक्षा से जुड़े आधिकारिक आंकड़ों का प्रमुख स्रोत है। यह सर्वेक्षण नीति निर्माण, योजना तैयार करने और उच्च शिक्षा क्षेत्र की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराता है।

वर्ष 2022-23 में पंजीकृत 60,380 उच्च शिक्षा संस्थानों में से 56,180 ने सर्वेक्षण में भाग लिया, जबकि 2023-24 में पंजीकृत 64,756 संस्थानों में से 59,533 ने इसमें भागीदारी की।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘उच्च शिक्षा में नामांकन लगातार बढ़ रहा है। 2014-15 में नामांकन 3.42 करोड़ था, जो 2022-23 में 4.46 करोड़ और 2023-24 में 4.50 करोड़ हो गया है (यानी 2014-15 के बाद से 31.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है)।’’

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) विषयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह 2014-15 के 91.5 लाख था, जो 2023-24 में बढ़कर 1.02 करोड़ हो गया। इससे देश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित शिक्षा पर बढ़ते जोर का संकेत मिलता है।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में