फ्रांस में भारतीय छात्रों के नामांकन में 17 प्रतिशत की वृद्धि: दूतावास

फ्रांस में भारतीय छात्रों के नामांकन में 17 प्रतिशत की वृद्धि: दूतावास

फ्रांस में भारतीय छात्रों के नामांकन में 17 प्रतिशत की वृद्धि: दूतावास
Modified Date: October 7, 2025 / 07:20 pm IST
Published Date: October 7, 2025 7:20 pm IST

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) फ्रांस में शैक्षणिक वर्ष 2024-2025 के लिए भारतीय छात्रों के नामांकन में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे 2030 तक वहां 30,000 भारतीय छात्रों के नामांकन का लक्ष्य करीब पहुंच गया है। फ्रांस के दूतावास ने यह जानकारी दी।

दूतावास ने मंगलवार को अपनी प्रमुख शैक्षिक पहल ‘चूज फ्रांस टूर 2025’ के दिल्ली चरण की मेजबानी की। यह कार्यक्रम पांच अक्टूबर को चेन्नई से शुरू हुआ। इसके तहत नौ और 11 अक्टूबर को कोलकाता और मुंबई में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को फ्रांस के उच्च शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र का पता लगाने का अवसर प्रदान करना है।

दूतावास ने एक बयान में कहा कि इस वर्ष का आयोजन एक महत्वपूर्ण क्षण पर हो रहा है, क्योंकि फ्रांस में 2024-2025 शैक्षणिक वर्ष के लिए भारतीय छात्रों के नामांकन में उल्लेखनीय 17 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।

बयान में कहा गया, ‘यह 2030 तक 30,000 भारतीय छात्रों को फ्रांस में स्वागत करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सरकार के उच्चतम स्तर पर निर्धारित किया गया लक्ष्य है।’

‘चूज फ्रांस टूर 2025’ में शीर्ष रैंक वाले सरकारी विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, व्यवसाय और कला स्कूलों सहित 50 से अधिक अग्रणी फ्रांसीसी संस्थान शामिल हैं। इसमें भाग लेने वाले छात्रों को शैक्षिक कार्यक्रमों, छात्रवृत्तियों, वीज़ा प्रक्रियाओं और फ्रांस में छात्र जीवन पर व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिलता है।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में