ओडिशा: निष्कासित कांग्रेस नेता मोहम्मद मोकिम ने नयी पार्टी बनाने की घोषणा की
ओडिशा: निष्कासित कांग्रेस नेता मोहम्मद मोकिम ने नयी पार्टी बनाने की घोषणा की
भुवनेश्वर, नौ मार्च (भाषा) पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम ने सोमवार को कहा कि उनकी नयी पार्टी का नाम ‘ओडिशा जनता कांग्रेस’ होगा और इस बारे में औपचारिक घोषणा आठ अप्रैल को की जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र को लेकर उनके नेतृत्व पर सवाल उठाने के कारण मोकिम को पिछले साल दिसंबर में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
कटक-बाराबती सीट से विधायक रहे मोकिम ने कहा कि भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए लोगों से ‘‘सकारात्मक प्रतिक्रिया’’ मिलने के बाद उन्होंने नयी पार्टी बनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने दावा किया, “बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस, दोनों ने अपनी प्रासंगिकता खो दी है जो राज्यसभा चुनाव के दौरान उनके बीच दिखी नयी नजदीकी से स्पष्ट है। बीजद ने राज्य में 24 साल शासन किया लेकिन युवाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।’’
मोकिम ने बताया कि नयी पार्टी का तीन रंगों वाला झंडा लगभग तैयार है।
उन्होंने कहा, “हम चुनाव चिह्न पर काम कर रहे हैं और मैंने पार्टी के पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग में आवेदन दिया है।’’
मोकिम ने कहा कि भुवनेश्वर के एग्जिबिशन ग्राउंड में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में नयी पार्टी की औपचारिक रूप से घोषणा की जाएगी।
उनकी बेटी सोफिया फिरदौस वर्तमान में कटक-बाराबती से कांग्रेस विधायक है।
भाषा
प्रचेता सुभाष
सुभाष

Facebook


