असम में लौह ढलाई इकाई में विस्फोट: मालिक समेत पांच गिरफ्तार

असम में लौह ढलाई इकाई में विस्फोट: मालिक समेत पांच गिरफ्तार

असम में लौह ढलाई इकाई में विस्फोट: मालिक समेत पांच गिरफ्तार
Modified Date: July 28, 2026 / 10:08 am IST
Published Date: July 28, 2026 10:08 am IST

सिलचर, 28 जुलाई (भाषा) असम के कछार जिले में स्थित एक लौह ढलाई इकाई में दो दिन पहले संदिग्ध सिलेंडर विस्फोट में चार श्रमिकों की मौत के मामले में इकाई के मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इकाई के मालिक राकेश कुमार सुराना को सोमवार को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए कछार जिले के उधारबंद पुलिस थाने लाया गया।

उन्होंने कहा, ‘सुराना को इकाई में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के रखरखाव में लापरवाही बरतने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।’

घटना के तुरंत बाद हिरासत में लिए गए प्रबंधक समेत चार अन्य लोगों को भी सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘जांच को आगे बढ़ाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञ इकाई का दौरा करेंगे।’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को उधारबंद पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंग्राम स्थित एक साझा परिसर में हुई थी।

विस्फोट में कई अन्य लोग भी घायल हुए थे।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ढलाई का काम करते समय इस्तेमाल किए जा रहे रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण विस्फोट हुआ।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मृतकों की पहचान किरण मुंडा, अप्पू बराइक, श्यामल गौर और सागर नाथ के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में