विदेश मंत्री जयशंकर ने जंजीबार के राष्ट्रपति म्विनी से मुलाकात की

विदेश मंत्री जयशंकर ने जंजीबार के राष्ट्रपति म्विनी से मुलाकात की

विदेश मंत्री जयशंकर ने जंजीबार के राष्ट्रपति म्विनी से मुलाकात की
Modified Date: July 19, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: July 19, 2026 7:05 pm IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जंजीबार के राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनी से रविवार को मुलाकात कर उच्च शिक्षा, क्षमता निर्माण, जलापूर्ति, स्वास्थ्य तथा डिजिटल क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

जंजीबार, तंजानिया का अर्ध-स्वायत्त प्रांत है। म्विनी 2020 से जंजीबार के राष्ट्रपति हैं।

शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारत के जंजीबार के साथ घनिष्ठ संबंध हैं। अक्टूबर 2023 में वहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास का एक परिसर स्थापित किया गया था।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘हमने उच्च शिक्षा, क्षमता निर्माण, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, कृत्रिम मेधा, डिजिटल और प्राथमिकता वाले अन्य क्षेत्रों में अपना सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।’’

विदेश मंत्री ने जंजीबार स्थित आईआईटी मद्रास परिसर को भारत की घनिष्ठ साझेदारी तथा अफ्रीका की शिक्षा एवं विकास संबंधी प्राथमिकताओं के प्रति उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का ‘‘शानदार उदाहरण’’ बताया।

म्विनी भारत की यात्रा पर हैं।

इस बीच, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी म्विनी के साथ ‘‘व्यापक और सार्थक चर्चा’’ की।

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, ‘‘बैठक में भारत-तंजानिया की दीर्घकालिक साझेदारी और जंजीबार के साथ भारत के विशेष संबंधों की फिर से पुष्टि की गई। ये संबंध सदियों पुराने समुद्री, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित हैं।’’

उसने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, विकास साझेदारी, पर्यटन, नीली अर्थव्यवस्था, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि राधाकृष्णन ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तंजानिया और जंजीबार के साथ साझेदारी की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

भाषा सिम्मी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में