उत्तम नगर में होली पर झड़प के दौरान जान गंवाने वाले युवक के परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग

उत्तम नगर में होली पर झड़प के दौरान जान गंवाने वाले युवक के परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग

उत्तम नगर में होली पर झड़प के दौरान जान गंवाने वाले युवक के परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग
Modified Date: March 14, 2026 / 07:16 pm IST
Published Date: March 14, 2026 7:16 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) दिल्ली के उत्तम नगर में इस महीने की शुरुआत में हुई झड़प में जान गंवाने वाले युवक तरुण (26) के परिवार और एक दक्षिणपंथी संगठन ने शनिवार को मामले की जांच सीबीआई या विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंपने की मांग की।

सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह मांग की गई। इस दौरान वहां मौजूद तरुण के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

तरुण की मां ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “बहुत सारे लोग आए और एक छोटी सी बात पर मेरे बेटे को बेरहमी से पीटने लगे। हम उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बेटे के लिए न्याय चाहते हैं। ”

इस दौरान सर्व हिंदू समाज के एक समन्वयक ने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इस मामले को सीबीआई, एसआईटी या अपराध शाखा को स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

समन्वयक ने कहा, ‘हम मांग करते हैं कि जांच निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से की जाए और मामले को किसी स्वतंत्र एजेंसी को सौंपा जाए ताकि सच्चाई सामने आए।’

पुलिस के अनुसार, तरुण की चार मार्च को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी क्षेत्र में उनके परिवार व पड़ोसियों के बीच हुए झड़प के दौरान हत्या कर दी गई। यह झड़प होली के दौरान हुई थी, जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी एक महिला पर गिरा, जिससे विवाद शुरू हुआ और हिंसा हुई।

पुलिस ने कहा कि इस मामले में छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की पहचान उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्ताक (46), मुजफ्फर (25), ताहिर (18) के रूप में हुई है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में