पंजाब सरकार पर मांगें मानने का दबाव बढ़ाने के लिए किसान चार जगह रेल पटरी पर बैठे
पंजाब सरकार पर मांगें मानने का दबाव बढ़ाने के लिए किसान चार जगह रेल पटरी पर बैठे
फिरोजपुर, 17 सितंबर (भाषा) पंजाब सरकार पर कर्ज माफी और बासमती, मक्का, मूंग, सरसों व आलू की खरीदारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने सहित 12 सूत्री मांगें मानने का दबाव बनाने के लिए किसानों ने बृहस्पतिवार को राज्य में चार जगहों पर रेल पटरियों पर धरना दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ‘किसान मजदूर मोर्चा’ (केएमएम) ने बताया कि किसान मल्लांवाला, अमृतसर, गुरदासपुर और मोगा में रेल पटरियों पर धरना दे रहे हैं।
केएमएम ने कहा, “किसानों ने पंजाब सरकार को मांगें पूरी करने के लिए 17 सितंबर दोपहर 12 बजे तक की समय-सीमा दी थी। सरकार द्वारा मांगें न माने जाने के बाद उन्होंने तय योजना के अनुसार रेल पटरियों पर बैठकर उन्हें अवरुद्ध करने का कदम उठाया।”
किसानों की प्रमुख मांगों में पिछले आंदोलनों के दौरान किसानों और मजदूरों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना भी शामिल है।
इससे पहले, 31 अगस्त को किसानों ने पूरे पंजाब में उपायुक्त (डीसी) कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने कई कैबिनेट मंत्रियों के आवासों और कार्यालयों के बाहर भी धरना दिया था।
फिरोजपुर में केएमएम नेता इंद्रजीत सिंह बाथ ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के बावजूद सरकार किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल

Facebook


