फारूक अब्दुल्ला पर हमला: आरोपी ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया, पुलिस खंगाल रही है रिकॉर्ड

फारूक अब्दुल्ला पर हमला: आरोपी ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया, पुलिस खंगाल रही है रिकॉर्ड

फारूक अब्दुल्ला पर हमला: आरोपी ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया, पुलिस खंगाल रही है रिकॉर्ड
Modified Date: March 12, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: March 12, 2026 10:27 pm IST

जम्मू, 12 मार्च (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला करने के आरोपी कमल सिंह जामवाल ने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इस मामले में और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बुधवार रात एक विवाह समारोह में हुई गोलीबारी के पीछे की गुत्थी को सुलझाने के लिए आरोपी के पूर्व रिकॉर्ड की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, इस हमले की देशभर में व्यापक निंदा हुई है।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले के बाद उनसे बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी जामवाल के खिलाफ हत्या के प्रयास और हथियार चलाने सहित कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जामवाल ने कथित तौर पर यहां के पॉश ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में एक विवाह स्थल पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री की हत्या का प्रयास किया था।

पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए वह 63 वर्षीय जामवाल के व्यक्तिगत, सामाजिक और संभावित संगठनात्मक संबंधों सहित उसकी पृष्ठभूमि की जांच कर रहे हैं।

बुधवार रात को जब अब्दुल्ला शादी समारोह से निकल रहे थे, तब आरोपी ने कथित तौर पर पीछे से उन पर बेहद करीब से गोली चलाई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास को विफल कर दिया। जामवाल के पास से अपराध में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की गई।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के पुरानी मंडी निवासी जामवाल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से अब्दुल्ला को निशाना बनाने के अवसर की प्रतीक्षा कर रहा था, लेकिन उसने इस बदले की भावना का कोई कारण नहीं बताया।

उन्होंने बताया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।

एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी ने अकेले ही नशे की हालत में यह कृत्य किया।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस हमले से पहले की उसकी हालिया गतिविधियों और आवाजाही सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वर्तमान में जामवाल से पूछताछ कर रहे हैं, जिसने जांचकर्ताओं को बताया कि वह अपनी दुकानों से प्राप्त किराए से अपनी आजीविका कमाता है।

अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी हथियार लेकर समारोह में प्रवेश करने में कैसे कामयाब रहा।

जामवाल विवाहित है और दो बेटियों सहित तीन बच्चों का पिता है। वह कथित तौर पर दूल्हे के परिवार के करीबी रिश्तेदार होने के नाते बारात के साथ शादी के कार्यक्रम स्थल पर आया था।

अब्दुल्ला भी उन लोगों में शामिल थे जो पार्टी के एक सहयोगी के निमंत्रण पर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने आए थे, जिनकी बेटी की शादी हो रही थी।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अब्दुल्ला से बात कर उन्हें मामले की पूरी जांच कराए जाने का भरोसा दिया।

सूत्रों ने बताया, “उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि डीजीपी नलिन प्रभात को घटना की तह तक पहुंचने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष सुरक्षा घेरे वाले व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में