त्रिशूर, 20 अगस्त (भाषा) अभिनेता प्रकाश राज ने बृहस्पतिवार को कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ युवाओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद देश में ‘फासीवादी शासन’ का अंत करीब है।
प्रकाश राज ने इसके साथ ही युवाओं से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि ऐसी ताकतें दोबारा सत्ता में न लौटें।
राज यहां डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के राज्य स्तरीय सम्मेलन के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
जंगल में जानवरों द्वारा एक-दूसरे से संवाद किए जाने का उदाहरण देते हुए राज ने कहा कि अब युवाओं ने ‘शिकारी’ को पहचान लिया है।
राज ने कहा, “इस देश के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा है, ‘अब हम आपको पहचान गए हैं, आपके पेपर लीक करने को भी समझ गए हैं।’ पहली बार युवाओं ने उनके अहंकार पर चोट की है।”
उन्होंने कहा कि युवाओं ने सरकार से साफ कह दिया है कि वे डरे हुए नहीं हैं और उनकी “राजनीति” को समझते हैं।
उन्होंने कहा, “पहली बार देश के नागरिकों और युवाओं ने कहा है, ‘हम आपसे नहीं डरते।’ हमें किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी, जो यह बात कह सके।”
राज ने कहा कि किसानों, मजदूरों और सरकारी कर्मचारियों समेत कई वर्गों ने पहले भी विरोध प्रदर्शन किए हैं, लेकिन वे आगे नहीं बढ़ सके, क्योंकि उन्हें अपनी नौकरी और जमीन खोने का डर था।
उन्होंने कहा, “लेकिन इन युवाओं के पास खोने के लिए कुछ नहीं है।”
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन को याद करते हुए राज ने कहा कि करीब एक लाख लोग वहां जुटे थे, जबकि चार लाख अन्य लोग राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर उतर आए थे।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि युवाओं ने हिंसा का रास्ता नहीं अपनाया, बल्कि सवाल पूछना चुना।
भाषा तान्या नरेश
नरेश