केरल के त्रिशूर में परिवार ने कथित रूप से आत्महत्या की, पिता और बेटी की मौत

Ads

केरल के त्रिशूर में परिवार ने कथित रूप से आत्महत्या की, पिता और बेटी की मौत

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 09:36 AM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 09:36 AM IST

त्रिशूर (केरल), 13 जुलाई (भाषा) केरल के त्रिशूर जिले के कुन्नमकुलम के निकट पझांजी में सोमवार को कथित तौर पर एक साथ आत्महत्या करने की घटना में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान सिबी (50) और उसकी बेटी अलीना (18) के तौर पर हुयी है। उन्होंने बताया कि सिबी की पत्नी बीना (45) और उसके बेटे आदित्यन (17) की स्थिति गंभीर है और उनका उपचार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ये सभी पझांजी के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह आदित्यन ने सूचना दी जिसके बाद पुलिस उनके घर पर पहुंची। उन्होंने कहा कि सिबी का शव एक कुएं में मिला, जबकि अलीना घर के अंदर फंदे से लटकी मिली।

पुलिस ने बताया कि बीना और आदित्यन अचेत अवस्था में मिले और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को संदेह है कि परिवार ने कथित प्रयास के तहत जहर का सेवन किया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, संभवत: गंभीर आर्थिक तंगी के कारण परिवार ने यह कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि सिबी नौकरी छूटने के बाद खाड़ी देश से लौटे थे।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुन्नमकुलम तालुक अस्पताल भेज दिया गया है और इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा रंजन सुरभि

सुरभि