नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र स्थित हिरनकी गांव के पास यमुना नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह जाने से चार नाबालिगों के डूबने की आशंका है। एक अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इस घटना की सूचना रविवार शाम करीब 7:30 बजे मिली थी।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पांच नाबालिग यमुना में नहाने के लिए उतरे थे। इनमें से एक ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी, जबकि चार अन्य तेज धारा की चपेट में आकर बह गए और लापता हो गए।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली दमकल सेवा और स्थानीय पुलिस की टीम उनकी तलाश में जुटी हैं। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी खोज अभियान जारी रहा।
पुलिस ने बताया कि अब तक किसी का शव बरामद नहीं हुआ है।
भाषा रंजन सुरभि
सुरभि