मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद इलाके में डर और शोक का माहौल

मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद इलाके में डर और शोक का माहौल

मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद इलाके में डर और शोक का माहौल
Modified Date: June 4, 2026 / 03:04 pm IST
Published Date: June 4, 2026 3:04 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

(भास्कर मुखर्जी)

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण होटल अग्निकांड के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को भी हवा में जलने की गंध बनी हुई है। संकरी गली में बिजली के तार लटक रहे हैं और इलाके में सन्नाटा पसरा है। साथ में एक दिन पहले की भयावह यादों के कारण यहां के निवासियों में डर और सदमे का माहौल बना हुआ है।

‘फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। इस त्रासदी के निशान अब भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल पर अवरोधक लगा दिए हैं, और जांचकर्ता जली हुई इमारत में छानबीन कर रहे हैं। हालांकि स्थानीय निवासी इस घटना से उबर नहीं पा रहे हैं।

इस घटना के बाद कई लोगों की रात को नींद तक नहीं आई। होटल से करीब 10 मीटर की दूरी पर एक छोटी किराना दुकान चलाने वाले दुकानदार ने कहा कि उसने जो दृश्य देखे हैं, वे उसे हमेशा याद रहेंगे।

दुकानदार ने कहा, “जले हुए लोग, इमारत से कूदते लोग और शवों को देखने के बाद रात में नींद नहीं आई। अब छोटी-सी आवाज से भी डर लगने लगा है।”

वहीं, एक अन्य निवासी कन्हैया ने कहा कि इस त्रासदी ने केवल उन परिवारों को ही गहरा सदमा नहीं दिया है जिन्होंने अपनों को खोया है, बल्कि आसपास रहने वाले लोग भी इससे दहल गए हैं।

उन्होंने कहा, “बच्चे पूछ रहे हैं कि यहां क्या हुआ। मेरी पत्नी रात भर सो नहीं पाई।”

कन्हैया ने बताया कि होटल में फंसे लोगों की चीख-पुकार और मदद के लिए लगाई गई गुहारें अब भी स्थानीय निवासियों के कानों में गूंज रही हैं।

दिल्ली पुलिस, अपराध शाखा और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। इसके मद्देनजर होटल के आसपास बृहस्पतिवार को घेराबंदी की गई है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर और ढांचे की जांच तथा साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए इलाके को सील कर दिया गया है।

जांचकर्ता घटनाओं के क्रम को समझने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस जांच के तहत स्थानयी निवासियों, दुकानदारों, होटल कर्मचारियों और अन्य गवाहों से पूछताछ कर रही है।

भाषा प्रचेता नोमान

नोमान


लेखक के बारे में