फिल्म निर्देशक ने मोनालिसा की शादी को ‘लव जिहाद’ करार दिया, मप्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी

फिल्म निर्देशक ने मोनालिसा की शादी को ‘लव जिहाद’ करार दिया, मप्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी

फिल्म निर्देशक ने मोनालिसा की शादी को ‘लव जिहाद’ करार दिया, मप्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी
Modified Date: March 16, 2026 / 10:32 am IST
Published Date: March 16, 2026 10:32 am IST

खरगोन (मध्यप्रदेश), 16 मार्च (भाषा) फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान प्रसिद्धि हासिल करने वाली युवती मोनालिसा भोंसले की एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ शादी ‘लव जिहाद’ का मामला है।

रविवार को भोंसले के परिवार से मुलाकात के बाद मिश्रा ने कहा कि वह इस मामले को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष उठाएंगे।

‘लव जिहाद’ शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी समूहों द्वारा मुस्लिम पुरुषों के हिंदू महिलाओं को फंसा कर रिश्ते बनाने और शादी कर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने की साजिश रचने के लिए किया जाता है।

मध्य प्रदेश के महेश्वर शहर की रहने वाली और घुमंतू पारधी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भोंसले को प्रयागराज में 2025 के कुंभ मेले के दौरान माला और रुद्राक्ष बेचने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रसिद्धि मिली।

फरमान खान के परिवार के अनुसार, उसने 11 मार्च को केरल के अरुमानूर में नैनार मंदिर में शादी की थी।

भोंसले इन दिनों अपनी पहली मलयालम फिल्म ‘नागम्मा’ की शूटिंग कर रही हैं।

महेश्वर में भोंसले के माता-पिता से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मध्य प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से लेगी। उन्होंने कहा कि वह परिवार के साथ पूरे घटनाक्रम को प्रस्तुत करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि परिवार को अब एहसास हो गया है कि ‘‘यह लड़की को फंसाने का एक सुनियोजित प्रयास था।’’

मिश्रा ने कहा कि कुछ संगठन बेरोजगार युवाओं को हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने के लिए धन उपलब्ध कराते हैं ताकि सनातन धर्म को बदनाम किया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि भोंसले की शादी ‘लव जिहाद’ है।

फिल्मकार ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में भोंसले को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था, जो धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर आधारित है।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि फिल्म की वजह से उन्हें और उनकी ‘सनातनी विचारधारा’ को निशाना बनाया गया और भोंसले का ‘ब्रेनवॉश’ किया गया तथा उन्हें फंसाया गया।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पूरा प्रकरण एक पटकथा की तरह लिखा और अंजाम दिया गया है।

फिल्म निर्माता ने यह भी सवाल किया कि शादी केरल में क्यों हुई। उन्होंने कहा कि भोंसले और उनके पति के बीच के रिश्ते को सांप्रदायिक सौहार्द के उदाहरण के रूप में चित्रित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर लड़का हिंदू होता और लड़की मुस्लिम होती तो क्या रिश्ते को उसी तरह पेश किया जाता?’’

मिश्रा ने दावा किया कि मुलाकात के दौरान भोंसले की दादी, चाची, छोटी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि उन्हें इस घटना के कारण सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है।

उसके चाचा विजय भोंसले ने दावा किया कि उसका जन्म 2009 में हुआ था और वह अब भी नाबालिग है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पासपोर्ट प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों में उसकी उम्र बढ़ा दी गई, ताकि शादी को कानूनी रूप से सही साबित किया जा सके।

हालांकि, मोनालिसा भोंसले ने इससे पहले कहा था कि उनके नाबालिग होने की खबरें ‘‘फर्जी और गलत’’ हैं।

उसने पिछले हफ्ते अपनी शादी के बाद केरल में मीडिया को बताया, ‘‘मैं 18 साल की हूं।’’

परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि फरमान पहले मोनालिसा भोंसले को अपनी बहन कहकर संबोधित करता था।

स्थानीय भाजपा नेता विक्रम पटेल ने दावा किया कि भोंसले केरल में एक साजिश का शिकार हुई हैं और मुख्यमंत्री के समक्ष इस मामले को उठाने से पहले कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श किया जा रहा है।

मिश्रा ने कहा कि वह तब तक इस मुद्दे को उठाते रहेंगे जब तक कि ‘न्याय’ नहीं मिल जाता।

भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला

गोला


लेखक के बारे में