फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया ‘शनेल नेक्स्ट प्राइज’ के विजेताओं में शामिल
फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया 'शनेल नेक्स्ट प्राइज' के विजेताओं में शामिल
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया सहित 10 लोगों को ‘‘शनेल नेक्स्ट प्राइज, 2026 ‘’ के लिए चुना गया है।
यह द्विवार्षिक पुरस्कार मौजूदा कलाकारों को दिया जाता है जो अपनी-अपनी विधाओं को एक नयी दिशा दे रहे हैं।
अपनी पहली फीचर फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ के लिए कान फिल्म महोत्सव में ‘ग्रैंड प्रिक्स’ जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म निर्माता कपाड़िया इस साल पुरस्कार पाने वालों में एकमात्र फिल्मकार हैं।
फैशन ब्रांड शनेल के ‘कल्चर फंड’ ने 2021 में ‘नेक्स्ट प्राइज’ की शुरुआत की थी। इसके तहत हर विजेता को अपनी नयी परियोजना के लिए 1,00,000 यूरो की आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसके साथ ही, विजेताओं को दो साल के एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर भी मिलता है। यह कार्यक्रम शनेल के प्रमुख सांस्कृतिक भागीदारों द्वारा संचालित किया जाता है, जिसमें लंदन का ‘रॉयल कॉलेज ऑफ आर्ट’ भी शामिल है।
वर्ष 2026 के विजेताओं में 10 देशों के 10 कलाकार शामिल हैं, जो फिल्म, दृश्य कला, डिजाइन और संगीत जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं।
कपाड़िया भारतीय फिल्म और टेलीविज़न संस्थान से स्नातक हैं। वह पहली बार अपनी लघु फिल्म ‘आफ्टरनून क्लाउड्स’ के साथ कान फिल्म महोत्सव में शामिल हुई थीं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


