शिशु की उंगली आंशिक रूप से कट जाने पर नर्स, डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

शिशु की उंगली आंशिक रूप से कट जाने पर नर्स, डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

शिशु की उंगली आंशिक रूप से कट जाने पर नर्स, डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: February 25, 2026 / 05:45 pm IST
Published Date: February 25, 2026 5:45 pm IST

बेंगलुरु, 25 फरवरी (भाषा) अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की प्रक्रिया के दौरान छह महीने के बच्चे की उंगली आंशिक रूप से कट जाने के मामले में यहां के एक निजी अस्पताल की नर्स, डॉक्टर और प्रबंधन के खिलाफ कथित लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, विजय कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 19 फरवरी को बुखार और सर्दी होने पर वह अपने छह महीने के बच्चे को चिकित्सक को दिखाने के लिए इंदिरा नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए थे। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने अपराह्न लगभग 10:57 बजे बच्चे को इलाज के लिए भर्ती कराया था।

बच्चे को 24 फरवरी को दोपहर तीन बजे अस्पताल से छुट्टी दी जानी थी। लेकिन छुट्टी दिए जाने से पहले तय प्रक्रिया के तहत अस्पताल का बिल चुका दिया गया था।

बच्चे को अस्पताल से छुट्टी देते समय मौजूद नर्स ने ड्रिप हटाई। इसके बाद नर्स के ड्रेसिंग हटाते समय कथित तौर पर बच्चे के बाएं हाथ की सबसे छोटी उंगली का सिरा कट गया। प्राथमिकी के अनुसार, बच्चे को इस वजह से गंभीर दर्द और चोट का समाना करना पड़ा।

प्राथमिकी में कहा गया है, ‘‘इसके तुरंत बाद बच्चे को आपातकालीन वार्ड में ले जाया गया, जहां पट्टी बांधकर प्लास्टर लगाया गया। शुरू में संबंधित स्टाफ ने बताया कि यह कोई गंभीर चोट नहीं है और चूंकि बच्चा छोटा है, इसलिए यह अपने आप ठीक हो जाएगी।’’

बच्चे के पिता ने शिकायत में कहा, ‘‘उनकी लापरवाही के कारण मेरे 6 महीने के बच्चे की बाएं हाथ की छोटी उंगली में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसे असहनीय दर्द और तकलीफ हुई।’’

शिकायत के आधार पर नर्स, डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (ख) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच जारी है।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में