हैदराबाद में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में साथी प्रशिक्षु के खिलाफ मामला दर्ज

हैदराबाद में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में साथी प्रशिक्षु के खिलाफ मामला दर्ज

हैदराबाद में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में साथी प्रशिक्षु के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: July 19, 2026 / 09:52 pm IST
Published Date: July 19, 2026 9:52 pm IST

हैदराबाद, 19 जुलाई (भाषा) हैदराबाद की सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में एक साथी महिला प्रशिक्षु का पीछा और यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

तीस वर्षीय महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में साथी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी पर आरोप लगाया है कि वह 23 जून से एक ‘इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप’ के जरिए उसे आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा था, साथ ही अकादमी के अंदर उसके दोस्तों के सामने आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उस पर एक अन्य प्रशिक्षु के साथ शारीरिक संबंध होने का झूठा आरोप लगाया और इस कथित संबंध को स्वीकार करने का दबाव बनाया, साथ ही उसके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आठ जुलाई को वह महिला का मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गया और उसे पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया।शिकायतकर्ता ने यह आरोप भी लगाया कि उसने उसके साथ छेड़छाड़ की।

महिला ने बताया कि नौ जुलाई को उसने उसे गलत तरीके से रोका, जबरदस्ती अपने कमरे में ले गया, बाल पकड़े, गला घोंटने की कोशिश की और गर्दन पर चाकू रखकर अपने कमरे से बाहर नहीं जाने दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 जुलाई को उसने फिर से उसकी पिटाई की।

उसने आरोपी पर जानकारी या सहमति के बिना उसका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड करने और ब्लैकमेल करने के इरादे से उसके पति को भेजने का भी आरोप लगाया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर, शनिवार को अट्टापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में