बाराबंकी में अवैध चाय पत्ती बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई, प्राथमिकी दर्ज

बाराबंकी में अवैध चाय पत्ती बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई, प्राथमिकी दर्ज

बाराबंकी में अवैध चाय पत्ती बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: July 5, 2026 / 02:23 pm IST
Published Date: July 5, 2026 2:23 pm IST

बाराबंकी (उप्र), पांच जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की एक साझा टीम ने थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में

एक घर से बिना लाइसेंस चल रही अवैध चाय पत्ती बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एफएसडीए के अनुसार टीम ने करीब 800 किलो रंगी हुई नकली चायपत्ती, पांच किलो केमिकल युक्त रंग और 15 किलो चाय पत्ती की पैकिंग बरामद किया है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को पकड़ी गई इस फैक्‍टरी में सूचना पर टीम पहुंची तो फैक्टरी में रंगीन चायपत्ती को ‘फास्ट टी’ और ‘गार्डेन फ्रेश’ ब्रांड के नाम से पैक किया जा रहा था। मौके पर पकड़े गए फैक्टरी मालिक शकील ने स्वीकार किया कि वह एक वर्ष से अधिक समय से यह कारोबार कर रहा था।

चाय की पत्तियों और बनाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले रंगों के सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। लगभग 1.6 लाख रुपये की चाय का स्टॉक सील कर दिया गया है, साथ ही पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वजन करने वाली मशीन और सीलिंग मशीन भी ज़ब्त की गई है।

सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शकील करीब एक साल से अधिक समय से अवैध रूप से फैक्टरी संचालित कर रहा था। आसपास के जिलों में माल आने और मिलावटी चाय पत्ती बेचने के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि अपने आवास पर बिना लाइसेंस के चाय पत्ती की फैक्ट्री संचालित करने के आरोपी शकील के खिलाफ बड्डूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, सलिल कुमार सिंह, डॉ. अंकिता यादव तथा पुलिस उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, चेतन सिंह, कृष्ण, शैलेंद्, रमाशंकर चौधरी और सुनील मिश्रा शामिल थे। भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में