उधमपुर में भड़काऊ सामग्री अपलोड करने के आरोप में सोशल मीडिया पेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
उधमपुर में भड़काऊ सामग्री अपलोड करने के आरोप में सोशल मीडिया पेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
जम्मू, 14 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के पुलिस ने एक गांव से जुड़े एक संवेदनशील मुद्दे से संबंधित भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में एक सोशल मीडिया पेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि ‘इंस्टाग्राम’ पर ‘उधमपुर आवाज’ नामक सोशल मीडिया पेज के माध्यम से कथित तौर पर भड़काऊ वीडियो और सामग्री अपलोड और प्रसारित की गई थी, जिससे सार्वजनिक शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और कानून व्यवस्था में गड़बड़ी होने की आशंका थी।
उन्होंने कहा कि उधमपुर पुलिस द्वारा पहले जारी की गई सलाह के बावजूद यह सामग्री प्रसारित हो रही थी जिसमें जनता को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी अपुष्ट, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री को साझा करने या अग्रेषित करने के खिलाफ चेतावनी दी गई थी।
सलाह में चेतावनी दी गई थी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पोर्टल और आम जनता से एक बार फिर अपील की है कि वे अफवाहें न फैलाएं और केवल आधिकारिक और प्रामाणिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


