चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीसीटीवी से छेड़छाड़ के मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीसीटीवी से छेड़छाड़ के मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
बेंगलुरु, 27 अप्रैल (भाषा) एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 24 अप्रैल को आरसीबी बनाम जीटी आईपीएल मैच के दिन सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से कथित छेड़छाड़ के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मंजुनाथ (37) और अब्दुल कलाम (19) के रूप में हुई है जिन्होंने वैध अनुमति के बिना, निष्क्रिय प्रवेश कार्ड का दुरुपयोग कर स्टेडियम में कथित तौर पर प्रवेश किया और सीसीटीवी से छेड़छाड़ की।
पुलिस ने बताया कि मैच के दिनों में कृत्रिम मेधा आधारित निगरानी सहायता प्रदान करने वाली कंपनी ‘स्टाक्यू टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ के आदित्य भट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, मैच की सुबह 240 से अधिक कैमरे बंद हो गए थे।
पुलिस के अनुसार उप-ठेकेदार ‘आईवीएस डिजिटल सॉल्यूशंस’ से जुड़े बताए जा रहे आरोपियों ने नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (एनवीआर) प्रणाली और ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया जिससे प्रवेश द्वार और परिधि क्षेत्रों सहित प्रमुख संवेदनशील इलाकों में निगरानी बाधित हो गई।
प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपियों ने बिना अनुमति सीसीटीवी कक्ष में प्रवेश किया और बाद में पार्किंग क्षेत्र के पास स्थित ‘जंक्शन बॉक्स’ तक पहुंचकर फाइबर कनेक्शन क्षतिग्रस्त कर दिए। इससे मैच सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निगरानी फीड की उपलब्धता प्रभावित हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मैच के दिनों में डिजिटल सेवाएं देने वाले एक उप-विक्रेता के अधीन काम कर रहे दोनों कर्मचारियों ने 24 अप्रैल पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे इस काम को अंजाम दिया।
हालांकि, एक घंटे के भीतर समस्या का पता लगा उसे ठीक कर दिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपियों का कंपनी के साथ व्यक्तिगत द्वेष हो सकता है और संभवतः लंबित भुगतान को लेकर उन्होंने यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी सीसीटीवी एक घंटे के भीतर ठीक कर दिए गए और इस व्यवधान का मैच पर कोई असर नहीं पड़ा।’’
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


