नोएडा, 23 जून (भाषा) थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव में बने एक लेबर कैंप में मंगलवार सुबह आग लगी गई जिसे दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से बुझा लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह सात बजे के करीब दमकल विभाग को सूचना मिली कि रायपुर गांव की एक इमारत में आग लग गई है जिसमें कई मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते हैं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और पुलिस ने आग बुझाने का काम शुरू किया तथा पांच गाड़ियों की मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं है, हालांकि मजदूरों का काफी सामान जल गया जिसमें कपड़े, खाने-पीने का सामान शामिल है।
शुरुआत में दमकल विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इमारत में अंदर फंसे हुए हैं, हालांकि बाद में इस बात की पुष्टि हुई कि इमारत में कोई फंसा नहीं था। चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सुबह के समय खाना बनाते समय रसोई गैस लीक होने की वजह से यह आग लगी है। उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह से वहां मौजूद गैस सिलेंडर फटने लगे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
मजदूर रामकिशन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी होने वाली थी जिसके लिए उन्होंने काफी सामान इकट्ठा किया था, लेकिन सब जल गया।
मजदूर रवि कुमार ने दावा किया कि उसकी सारी मेहनत की कमाई इस आग की घटना में खाक हो गई।
आग लगने की सूचना पर कुछ सामाजिक संगठनों ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों के खाने-पीने की व्यवस्था की।
भाषा सं. वैभव
वैभव