डीपी वर्ल्ड कोचीन ने मई में दर्ज की सर्वाधिक मासिक माल ढुलाई

Ads

डीपी वर्ल्ड कोचीन ने मई में दर्ज की सर्वाधिक मासिक माल ढुलाई

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 02:06 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 02:06 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड ने कोचीन स्थित उसके इंटरनेशनल कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल (आईसीटीटी) से मई में अब तक की सर्वाधिक मासिक 77,637 टीईयू माल ढुलाई दर्ज की है।

कंपनी ने बयान में कहा कि मई 2026 तक वैश्विक चुनौतियों के बावजूद टर्मिनल के माल ढुलाई प्रबंधन में सालाना आधार पर चार प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह वृद्धि उच्च पुनःलदान मात्रा से समर्थित रही। इसमें अन्य बंदरगाहों से यहां भेजा गया माल भी शामिल है। इससे मई में 28,000 टीईयू (बीस फुट के बराबर इकाई) का रिकॉर्ड पुनःलदान माल और कुल मासिक माल ढुलाई प्रबंधन का नया रिकॉर्ड बना।

डीपी वर्ल्ड कोचीन ने मई में 17 अतिरिक्त जहाजों का आगमन संभाला, जिससे बढ़े हुए कार्गो का कुशल प्रबंधन किया गया और संचालन सुचारु रखा गया। डीपी वर्ल्ड कोचीन लगातार अपने बुनियादी ढांचे और परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने में निवेश कर रहा है।

प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों के निकट रणनीतिक रूप से स्थित डीपी वर्ल्ड कोचीन प्रमुख वैश्विक बाजारों से सीधा संपर्क प्रदान करता है और गुजरात से कोलकाता तक भारत के विभिन्न बंदरगाहों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण तटीय प्रवेश द्वार है।

यह टर्मिनल भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों के बीच कार्गो आवागमन को सुगम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

भाषा निहारिका अजय निहारिका

निहारिका