ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त के सरकारी आवास में लगी आग, लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक
ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त के सरकारी आवास में लगी आग, लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक
ऊना (हिप्र), 21 नवंबर (भाषा) हिमाचल के ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) महेंद्र पाल गुर्जर के आधिकारिक आवास में शुक्रवार सुबह आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। इसके कारण घर की ऊपरी मंजिल पर रखा कीमती सामान भी जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर की ऊपरी मंजिल से अचानक धुएं और आग की लपटें उठती दिखीं, जिसके चलते आस-पास के निवासी डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
अधिकारी ने बताया कि कमरे में आग तेजी से फैल गई। इस घटना में एक बैड, एक एलईडी टीवी, और अन्य घरेलू सामान आग की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारी ने कहा कि जानकारी मिलते ही, प्रभारी अशोक राणा के नेतृत्व में ऊना अग्निशमन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस कार्रवाई से आग को आस-पास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान गुर्जर घर पर नहीं थे और उनके परिवार के सदस्य भूतल पर मौजूद थे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ने बताया कि ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में आग लगने के कारण सब कुछ नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। फिलहाल घटना की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


