केरल के कोच्चि में मालवाहक बार्ज में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

केरल के कोच्चि में मालवाहक बार्ज में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

केरल के कोच्चि में मालवाहक बार्ज में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 22, 2026 / 09:30 am IST
Published Date: June 22, 2026 9:30 am IST

कोच्चि, 22 जून (भाषा) कोच्चि के वायपिन स्थित एक निजी शिपयार्ड में मरम्मत के लिए खड़े एक मालवाहक बार्ज के एक हिस्से में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अग्निशमन और बचाव सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, यह आग मालवाहक बार्ज ‘एमवी विशालाक्षी’ के डेक पर तड़के करीब तीन बजे लगी।

अधिकारियों ने बताया कि वायपिन के ‘सी ब्लू शिपयार्ड’ में इस जहाज की मरम्मत का कार्य किया जा रहा था, तभी शिपयार्ड के कर्मचारियों ने आग देखी और उसे बुझाने की कोशिश की। हालांकि, उनकी कोशिश नाकाफी रही।

इसके बाद अग्निशमन और बचाव सेवा को सूचित किया गया, और मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां रवाना की गईं।

अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन प्रयासों के बावजूद यह आग कई घंटों तक धधकती रही, जिसके कारण अधिकारियों को कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) की अग्निशमन टीम से मदद लेनी पड़ी।

यह टीम एक अन्य जहाज पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंची और आग पर नियंत्रण करने के अभियान में शामिल हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई, हालांकि डेक के कुछ हिस्सों से अब भी धुआं निकल रहा है।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझ जाने के बाद विशेषज्ञ जहाज की जांच करेंगे।

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में