जम्मू-कश्मीर में वाहन नदी में गिरा, पांच लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में वाहन नदी में गिरा, पांच लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में वाहन नदी में गिरा, पांच लोगों की मौत
Modified Date: September 28, 2026 / 06:41 pm IST
Published Date: September 28, 2026 6:41 pm IST

श्रीनगर, 28 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार को एक ‘एसयूवी’ वाहन के किशनगंगा नदी में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई एवं छह अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार यह हादसा तीतवाल क्षेत्र में सीमारी सड़क पर हुआ।

उन्होंने बताया कि तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया।

सिन्हा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कुपवाड़ा में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।”

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कुपवाड़ा के करनाह-तंगधार में हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।’’

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों को सभी घायलों का बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में