नांदेड़ में तीन दिन में पांच हत्याएं, शिवसेना एमएलसी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई
नांदेड़ में तीन दिन में पांच हत्याएं, शिवसेना एमएलसी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई
छत्रपति संभाजीनगर, आठ अप्रैल (भाषा) मध्य महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में तीन दिनों के भीतर पांच हत्याओं के बाद शिवसेना के विधान परिषद सदस्य हेमंत पाटिल ने बुधवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और दावा किया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों का खतरनाक रूप से प्रसार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर में जबरन वसूली भी बड़े पैमाने पर हो रही है।
पाटिल ने कहा, ‘अगर तलाशी ली जाए तो नांदेड़ में कम से कम 1,500 से 2,000 अवैध पिस्तौल मिलेंगी। यहां किसी को भी (कानून का) डर नहीं है।’
सोमवार को शहर में 35 वर्षीय शिवसेना कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सप्ताहांत में वजीराबाद थाना क्षेत्र में दो गिरोह के बीच हुई झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति की हत्या कर दी गई।
पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि चूंकि नांदेड़ तेलंगाना और कर्नाटक की सीमाओं के निकट है, इसलिए अपराधी यहां अपराध करने के बाद इन राज्यों में भाग जाते हैं।
एमएलसी ने यह भी दावा किया कि पढ़ाई के लिए नांदेड़ आने वाले छात्रों को जबरन वसूली का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘उनके लैपटॉप और मोबाइल फोन छीन लिए जाते हैं और उनकी पिटाई भी की जाती है। नांदेड़ में जल्द से जल्द एक पुलिस आयुक्तालय स्थापित करने की आवश्यकता है।’
उन्होंने कहा, ‘हाल के दिनों में नांदेड़ के व्यापारियों से सैकड़ों करोड़ रुपये वसूले गए हैं। कई व्यापारी शहर छोड़कर चले गए हैं। इसलिए राजनीतिक नेताओं को कड़ा रुख अपनाना चाहिए और अपराधियों को उनके राजनीतिक संबंधों की परवाह किए बिना आश्रय नहीं देना चाहिए।’
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


