नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के त्रिनगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक घर में आग लगने से तीन साल की बच्ची समेत पांच लोग झुलस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह सात बजकर 10 मिनट पर त्रिनगर के अनाज मंडी इलाके में एक घर में आग लगने की सूचना मिली।
अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और सुबह सात बजकर 45 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि आग के कारण बिजली के तार, घरेलू सामान और परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गई।
आग में झुलसे पांच लोगों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, इनकी पहचान प्रीतम लाल (38), अनीता देवी (50), भरत लाल (32), सौम्या (3) और मोनी (27) के तौर पर की गई है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना