आरजी कर अस्पताल के लिफ्ट में व्यक्ति की मौत मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया

Ads

आरजी कर अस्पताल के लिफ्ट में व्यक्ति की मौत मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 07:53 PM IST

कोलकाता, 21 मार्च (भाषा) कोलकाता स्थित राजकीय आरजी कर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल में 20 मार्च को एक लिफ्ट में कथित तौर पर फंसने से एक व्यक्ति की हुई मौत मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मृतक अरूप बनर्जी के पिता अमल बनर्जी द्वारा 20 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और शुक्रवार शाम को पांच लोगो को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि अधिकारी ने बताया कि वे ‘ट्रॉमा केयर’ भवन में स्थित लिफ्ट के रखरखाव का काम देखते थे।

पीड़ित के परिवार के अनुसार, मृतक अरूप बनर्जी (40)लिफ्ट में अचानक खराबी आई खराबी की वजह से उसमें फंस गए। उन्होंने आरोप लगाया कि लिफ्ट की मरम्मत की जानी थी तथा कोई संचालक वहां ड्यूटी पर नहीं था।

अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अरूप को जब बाहर निकाला गया तब वह घायल था और उसके नाक से खून बह रही थी। उसे आपातकालीन इकाई में ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज