पश्चिम एशिया में संघर्ष के असर से केरल से खाड़ी देशों की उड़ानें तीसरे दिन भी प्रभावित

Ads

पश्चिम एशिया में संघर्ष के असर से केरल से खाड़ी देशों की उड़ानें तीसरे दिन भी प्रभावित

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 11:42 AM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 11:42 AM IST

कोच्चि, दो मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण केरल से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं। अधिकारियों ने संकेत दिया कि यह व्यवधान कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है।

कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को कोच्चि से रवाना होने के लिए निर्धारित करीब 45 उड़ानों को रद्द दिखाया और इतनी ही यहां पहुंचने वाली उड़ानें रद्द दिखाई गई।

हालांकि, ओमान एयर की एक उड़ान सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर मस्कट के लिए रवाना हुई।

इसी तरह, सऊदिया की जेद्दा और रियाद जाने वाली उड़ानें, ओमान एयर की मस्कट जाने वाली एक उड़ान, एतिहाद एयरवेज की अबू धाबी जाने वाली उड़ान और स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली उड़ानें निर्धारित समय पर रवाना होना दिखा रहा है।

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (टीआईएएल) ने बताया कि सोमवार को खाड़ी क्षेत्र के लिए निर्धारित 20 उड़ानें रद्द रहीं। पिछले तीन दिनों में तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कुल 65 उड़ानें रद्द की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, मस्कट से ओमान एयर की एक उड़ान सुबह सात बजकर 20 मिनट पर पहुंची और करीब साढ़े आठ बजे रवाना हुई।

कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (केआईएएल) ने अपनी वेबसाइट पर खाड़ी देशों के लिए निर्धारित 10 उड़ानों को रद्द दिखाया है।

कालीकट हवाई अड्डे पर भी करीब 20 उड़ानें रद्द रहीं।

कालीकट से सलामएयर, ओमान एयर, फ्लाईनास और एयर अरबिया ने ओमान और सऊदी अरब के गंतव्यों के लिए सीमित सेवाएं संचालित कीं।

हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि विमानन कंपनियों ने हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं और प्रभावित यात्रियों के साथ समन्वय कर रही हैं। उसने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष थमने तक स्थिति ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।

भाषा खारी गोला

गोला