केरल ने खाड़ी क्षेत्र में होने वाली एसएसएलसी और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को स्थगित किया

Ads

केरल ने खाड़ी क्षेत्र में होने वाली एसएसएलसी और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को स्थगित किया

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 01:15 PM IST

तिरुवनंतपुरम, दो मार्च (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर खाड़ी क्षेत्र में इस सप्ताह होने वाली एसएसएलसी और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को स्थगित करने की सोमवार को घोषणा की।

मंत्री ने यहां एक प्रेसवार्ता में कहा कि खाड़ी देशों में सुरक्षा स्थिति के कारण सार्वजनिक परीक्षाएं आयोजित करना असंभव हो गया है।

उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सरकार ने खाड़ी क्षेत्र में पांच मार्च को होने वाली ‘सेकेंडरी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट’ (एसएसएलसी) परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

शिवनकुट्टी ने बताया कि क्षेत्र में पांच, छह और सात मार्च को होने वाली उच्च माध्यमिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों और केरल दोनों जगह के कुछ छात्र मौजूदा स्थिति के कारण अपने परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पाने तथा परीक्षाएं छूट जाने की आशंका को लेकर चिंतित हैं।

शिवनकुट्टी ने कहा कि इस मामले में सामान्य शिक्षा विभाग छात्रों के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने में असमर्थ छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने-अपने प्रधानाध्यापकों या प्रधानाचार्यों के माध्यम से जल्द से जल्द सामान्य शिक्षा निदेशक को आवेदन जमा करें।

मंत्री ने कहा कि विभाग प्रत्येक आवेदन की योग्यता की जांच करेगा और छात्रों के हित में अनुकूल निर्णय लेगा।

भाषा यासिर गोला

गोला