असम में बाढ़ प्रभावितों की संख्या घटकर 1.78 लाख हुई,मुख्यमंत्री कई जिलों का दौरा करेंगे
असम में बाढ़ प्रभावितों की संख्या घटकर 1.78 लाख हुई,मुख्यमंत्री कई जिलों का दौरा करेंगे
गुवाहाटी, दो अगस्त (भाषा) असम में बाढ़ की स्थिति में रविवार को मामूली सुधार आया और प्रभावितों की संख्या घटकर 1.78 लाख रह गई, हालांकि बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में बाढ़ से किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है, जिससे मृतकों की संख्या 82 बनी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों का दौरा रविवार से करेंगे। इस बीच, केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) से 370 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है।
राज्य के गोलाघाट, शिवसागर, चराइदेव, बजाली, धेमाजी, सोनितपुर और जोरहाट जिलों के कुल 349 गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें चराइदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 75,199 लोग प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में 58,824 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
शुक्रवार को राज्य के पांच जिले और 1.92 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित थे।
राज्य में 44 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें करीब 15,000 विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया है। इसके अलावा 17 राहत वितरण केंद्र भी संचालित हैं, जहां 5,569 लोगों को सहायता दी जा रही है।
बाढ़ के कारण 15,060 हेक्टेयर कृषि भूमि अब भी जलमग्न है। वहीं, 1,543 पशु बह गए हैं और 6,765 अन्य पशु प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बाढ़ प्रभावित राज्य को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘एसडीआरएफ के तहत 379.35 करोड़ रुपये की मंजूरी और अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों की असम में तैनाती, राज्य के लोगों के साथ केंद्र सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रभावित जिलों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि नुकसान का सही आकलन किया जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ ही देर में मैं डिब्रूगढ़ पहुंचूंगा और वहां से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करूंगा। मैं लोगों से मिलूंगा, राहत कार्यों की समीक्षा करूंगा और नुकसान के व्यापक आकलन की प्रक्रिया की शुरुआत करूंगा, ताकि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जा सके।’’
मुख्यमंत्री ने शनिवार को गुवाहाटी से वर्चुअल बैठक के माध्यम से सबसे अधिक प्रभावित चार जिलों में राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट के उपायुक्तों के साथ बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।’’
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की सूची शीघ्र तैयार कर भेजी जाए, ताकि तीन अगस्त से वित्तीय सहायता जारी की जा सके। उन्होंने राहत सामग्री का निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने, 10 अगस्त को स्कूल खुलने से पहले शैक्षणिक संस्थानों को हुए नुकसान का आकलन पूरा करने तथा क्षतिग्रस्त नामघरों (वैष्णव प्रार्थना केंद्रों) की सूची जल्द उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का व्यापक आकलन नौ अगस्त से शुरू किया जाएगा।
भाषा शोभना संतोष
संतोष

Facebook


