असम में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ी, करीब 50 हजार लोग प्रभावित
असम में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ी, करीब 50 हजार लोग प्रभावित
गुवाहाटी, एक जुलाई (भाषा) असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, राज्य के चार जिलों में 48 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, बिस्वनाथ, धेमाजी, डिब्रूगढ़ और नलबाड़ी जिलों में बाढ़ के कारण करीब 48,500 लोग प्रभावित हुए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि धेमाजी सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 44 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद डिब्रूगढ़ में करीब चार हजार और बिस्वनाथ में लगभग 500 लोग प्रभावित हुए हैं।
मंगलवार तक असम के इन चार जिलों में करीब 47 हजार लोग बाढ़ की चपेट में थे।
इस वर्ष अब तक बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
एएसडीएमए ने बताया कि प्रशासन दो जिलों में 13 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र चला रहा है, जहां फिलहाल 153 विस्थापित लोगों की देखभाल की जा रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने धेमाजी के विभिन्न इलाकों से 713 लोगों को बचाया है।
बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच चावल, दाल, नमक और सरसों का तेल वितरित किया है।
एएसडीएमए के अनुसार, फिलहाल असम में 179 गांव जलमग्न हैं और 2,117.34 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


